इंटर कॉलेज अखोड़ी में गणित और अर्थशास्त्र विषय में प्रवक्ता की तैनाती नहीं होने से नाराज अभिभावकों ने स्कूल में तालाबंदी की। प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ अभिभावकों ने जमकर नारेबाजी की। मुख्यमंत्री के आश्वासन के दो माह बाद भी शिक्षकों की तैनाती न होने पर शासन-प्रशान की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए।
बृहस्पतिवार को अभिभाव संघ के अध्यक्ष विक्रम घणाता के नेतृत्व में क्षेत्र के अभिभावक इंटर कॉलेज अखोडी पहुंचे। गणित और अर्थशास्त्र विषय में शिक्षकों की तैनाती न होने के विरोध में नारेबाजी करते हुए उन्हें गेट पर ताला जड़ दिया। प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कहा शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर उन्होंने बीते एक सितंबर से 12 दिनों तक आंदोलन चलाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, मुख्य शिक्षा अधिकारी ने उन्हें 12 सितंबर को जल्द शिक्षकों की तैनाती का आश्वासन दिया था। जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया गया। तब से दो माह का समय बीत चुका है, लेकिन रिक्त चल रहे गणित और अर्थशास्त्र विषय में शिक्षक की तैनाती नहीं की गई। अभिभावकों की ओर से स्कूल गेट पर तालाबंदी के कारण छात्र-छात्राओं को निराश होकर बैरंग लौटना पड़ा। तालाबंदी करने वालों में कुलदीप चौधरी, लक्ष्मी चौहान, उत्तम सिंह, दर्शनी राणा, मंगल सिंह, जय सिंह नेगी, गौतम नेगी आदि शामिल रहे।