रुद्रपुर। स्थानांतरण से पहले एसएसपी बरिंदरजीत सिंह जिले भर के एसपीओ को खाकी वर्दी और टोपी की सौगात दे गए। उनके 20 लाख के ड्रीम प्रोजेक्ट पर डीएम की मोहर लगते ही थाना और कोतवाली को बजट जारी किया जा रहा है। एसपीओ नजदीकी थाना और कोतवाली में अपनी नाप देंगे। इसके बाद उन्हें ड्रेस मुहैया करा दी जाएगी। इसके अलावा एक डंडा भी दिया जाएगा।
लॉकडाउन के दौरान पुलिस कर्मियों के सहयोग के लिए एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) को नियुक्त किया था। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि जिले में 2100 से अधिक एसपीओ ड्यूटी कर रहे हैं। उनकी सुविधा के लिए डीएम को पत्र लिखकर 20 लाख का प्रस्ताव भेजा था जिसे स्वीकृति मिल गई। जिससे प्रत्येक एसपीओ के लिए दो टी शर्ट, दो पजामा, एक टोपी, आई कार्ड और लाठी खरीदी जाएगी। ड्रेस की नाप एसपीओ संबंधित थाना, कोतवाली में देंगे। ड्रेस को 15 जुलाई को लान्च किया जाएगा।