ग्राम पंचायत व क्षेत्र पंचायतों के द्वारा विकास कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन के साथ ही जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए जखोली ब्लॉक को भारत सरकार के दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तीकरण पुरस्कार के लिए चुना गया है। ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थपलियाल ने खुशी जताते हुए पुरस्कार का श्रेय जनता व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को दिया है। कहा कि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में आमजन की पूर्ण भागीदारी से यह उपलब्धि मिली है।
भारत सरकार द्वारा त्रिस्तरीय पंचायतों के ओवरऑल कामकाज के आधार पर किए गए सर्वे में ब्लॉक स्तर पर जखोली को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसके तहत ग्राम व क्षेत्र पंचायतों में मनरेगा योजना के तहत होने वाले कार्यों की प्रगति, निर्माणाधीन विकास कार्यों की स्थिति, ग्राम पंचायतों व क्षेत्र पंचायतों का सामान्य कामकाज का मूल्यांकन किया गया था, जिसमें ब्लॉक की सभी 108 ग्राम पंचायतों व 30 क्षेत्र पंचायतों का कामकाज बेहतर पाया गया। यही नहीं, यहां के कई गांवों में पेयजल संकट से निजात पाने के लिए खालचाल बनाने सहित प्राकृतिक स्रोतों का संरक्षण भी किया गया है। बीते वर्ष लॉकडाउन के दौरान शहरों से लौटे प्रवासियों के लिए बनाए गए क्वारंटीन सेंटरों में बेहतर सुविधाएं दी गईं थी, जिसे भारत सरकार की सर्वेक्षण टीम द्वारा भी सराहा गया है। इधर, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, विधायक भरत सिंह चौधरी, विधायक मनोज रावत समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रमुख थपलियाल को बधाई दी है। संवाद