राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में बीएससी के अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को रसायन विज्ञान विषय में फेल करने के विरोध में छात्रसंघ ने धरना दिया। उन्होंने केंद्रीय विवि प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए मांगों का निराकरण न होने पर 19 नवंबर से भूख हड़ताल की चेतावनी भी दी है।
मंगलवार को छात्रसंघ विवि प्रतिनिधि लवकुश भट्ट के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में धरना दिया। कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के बीच गढ़वाल विवि द्वारा बीएससी अंतिम वर्ष की परीक्षा आयोजित की गई। जबकि लॉकडाउन के कारण पाठ्यक्रम पूरा नहीं हुआ था, लेकिन अब परीक्षाफल घोषित कर अधिकांश छात्र-छात्राओं को फेल कर दिया है। ऐसे में पीजी कक्षा में प्रवेश लेना मुश्किल हो रहा है। इस संबंध में विवि व कॉलेज प्रशासन को कई बार अवगत कराने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे वे क्षुब्ध हैं। कहा कि जल्द ही छात्रसंघ का प्रतिनिधिमंडल श्रीनगर जाकर विवि प्रशासन से वार्ता करेगा। यदि मांगपूर्ति नहीं हुई तो वे 19 नवंबर से भूख हड़ताल के लिए बाध्य होंगे। अंतिम सेमेस्टर में फेल होने के कारण कई छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन भी नहीं भर पा रहे हैं। धरना देने वालों में छात्रसंघ उपाध्यक्ष आशीष चंद्र, निधि, विनीत चमोला, विपिन, शुभम बिष्ट समेत अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद थे।