जखोली। विकासखंड के कांडा-भरदार में विधायक भरत सिंह चौधरी ने विधायक निधि से निर्मित विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए निस्तारण के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।
बृहस्पतिवार को विधायक चौधरी ने तीन लाख की लागत से निर्मित लिफ्ट पंपिंग योजना, दो लाख से बने प्रतीक्षालय और तीन लाख में बनी पुलिया का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इस मौके पर जनता को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि कांडा-भरदार लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहा था, लेकिन अब, लिफ्ट पंपिंग योजना से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। बताया कि भरदार क्षेत्र को पर्याप्त पानी मुहैया कराने के लिए 25 करोड़ की लागत पर कार्य चल रहा है, जिससे 30 से अधिक ग्राम पंचायतों में इस योजना का लाभ मिलेगा। कहा कि विस व जनपद के सड़क से लगे जिन क्षेत्रों में पेयजल समस्या बनी हुई है। वहां, जलसंस्थान को टैंकर से जलापूर्ति करने और खराब हैंडपंप को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। विधायक ने कहा कि 2022 तक भरदार के अधिकांश गांवों केे सड़क, पेयजल, संचार, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान अमित रावत, बाल संरक्षण आयोग के सदस्य वाचस्पति सेमवाल, लक्ष्मी प्रसाद डिमरी, भगवान सिंह रावत, रुपचंद सिंह राणा, प्रेम सिंह रावत, मकर सिंह रावत, केशर सिंह रावत समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।