आतंकी साये के बीच जागरूक नहीं हम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुड़की। पहले पठानकोट में आतंकी हमले को लेकर अलर्ट। उसके बाद चार स्थानीय युवकों को आतंक की साजिश रचने के शक में गिरफ्तारी। अर्द्धकुंभ के दौरान आतंकी साजिश को लेकर आईबी के खुलासे ने तो स्थानीय इंटेलिजेंस और पुलिस के भी होश उड़ा दिए। इस साये के बीच पढ़े-लिखों का रुड़की शहर कितना जागरूक है बुधवार को अमर उजाला ने इसे परखने का प्रयास किया। गंगनहर पर बने नीले पैदल पुल की रेलिंग पर करीब आधा घंटे तक एक लावारिस बैग लटका रहा। राहगीर रुक-रुककर बैग को तो देखते रहे लेकिन पुलिस को किसी ने भी सूचित नहीं किया। शिक्षानगरी से ऐसी उम्मीद शायद किसी को रही होगी।
करीब आधे घंटे के दौरान करीब 50 से ज्यादा लोग इस पैदल पुल से गुजरे। इनमें छात्र-छात्राएं, नौजवान, महिला-पुरुष और बुजुर्ग हर वर्ग का व्यक्ति शामिल रहा। अधिकतर की नजरें पुल की रेलिंग पर लटक रहे बैग पर पड़ी। कुछ युवाओं के कदम बैग देखकर ठिठके भी। लेकिन संदेह भरी नजरों से देखते हुए चलते बने। बैग से कुछ दूर पर खड़ी दो महिलाएं बातचीत में इतनी मशगूल रही कि उन्हें बैग लटकाने तक की खबर नहीं रही। हकीकत में कहीं-कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु मिलने पर पुलिस और खुफिया विभाग कितनी जल्दी हरकत में आती है यह आगे की बात है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि इन हालातों में यदि कोई अनहोनी की साजिश रचकर चला जाए तो स्थानीय लोगों की जागरूकता के बिना पुलिस और खुफिया विभाग को कैसे पता चल पाएगा।
छात्रों को शक, लेकिन जिम्मेदारी से भागे
आईआरआई की ओर से पांच छात्र कोचिंग कर पुल से गुजर रहे थे। इनमें तीन छात्रों की नजरें बैग पर भी पड़ी। साथियों को इशारा करते हुए संदेह भाी जताया। लेकिन काम की जल्दी में अनदेखा कर पुल पार कर निकल गए। अमर उजाला ने छात्रों को रोककर बैग के बारे में जानकारी ली तो उनमें से दो छात्रों का कहना था कि उन्हें बैग के संदिग्ध होने का शक तो हो रहा था। लेकिन पुलिस को जानकारी देने की बात उनके दिमाग में नहीं आई। एक छात्र ने तो बेबाकी से कहा भी कि ‘आज तो कर दिया काम किसी ने’। अमर उजाला ने भविष्य में ऐसी स्थिति में पुलिस को तुरंत सूचना देने की अपील छात्रों से की।
निभाएं फर्ज
आपकी सुरक्षा करना पुलिस और कानून की जिम्मेदारी जरूर है, लेकिन आपकी भी कुछ जिम्मेदारियां बनती हैं। कोई भी लावारिस बैग, टिफिन या संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर भी पुलिस कंट्रोल रूम को खबर करें। इसके अलावा कहीं कोई संदिग्ध बात सुनाई व दिखाई देती है तो पुलिस को सूचना देकर एक जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज निभाएं।