मंगलवार शाम हुई बारिश के कारण रायपुर गांव के दो दर्जन घरों में पानी घुस गया। इससे ग्रामीणों का सामान खराब हो गया। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देकर नाला निर्माण की मांग की है।
रायपुर गांव में बारिश और घरों की निकासी का पानी तालाब में जाता है, लेकिन बरसात के दिनों में तालाब ओवरफ्लो हो जाता है। मंगलवार शाम को हुई तेज बारिश के कारण तालाब ओवरफ्लो हो गया और करीब दो दर्जन ग्रामीणों के घरों में पानी घुस गया। इससे लोगों का सामान भी खराब हो गया और उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। बुधवार को रायपुर के ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय पहुंचकर ईई को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की निकासी के लिए नाला निर्माण कराया जाए। ग्राम प्रधान रजनी कसेरिया ने बताया कि नाला निर्माण की मांग पहले भी अधिकारियों से की जाती रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पाई। ईई सत्यवीर त्यागी ने बताया कि जेई को भेजकर मामले को दिखवाया जाएगा। इस दौरान जोनी कसेरिया, गोवर्धन, चमन लाल, राशीद, उस्मान, अकरम, कामिल, गालिब, मुंतजीर मौजूद रहे।