कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर अश्लील वीडियो बनाकर प्रॉपर्टी डीलर को ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों से करीब डेढ़ लाख की नकदी और तीन मोबाइल भी बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव मुंडलाना निवासी प्रवीण कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से महिला की कॉल आई थी। महिला ने बताया था कि वह एक प्लॉट खरीदना चाहती है। मुलाकात के लिए महिला ने उन्हें मंगलौर स्थित एक मकान में बुलाया था। आरोप है कि महिला ने उन्हें कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। बेहोशी की हालत में महिला ने अश्लील हकरतें की। साथ ही उसके साथियों ने मोबाइल से अश्लील वीडियो बना ली। बाद में महिला ने कॉल कर धमकी दी कि यदि 16 लाख रुपये नहीं दिए तो वह वीडियो वायरल कर देगी। इस मामले में उसके तीन साथी भी शामिल थे। उन्होंने विरोध किया तो महिला और तीन साथियों ने जान से मारने की धमकी और झूठे केस में जेल भिजवाने की धमकी दी। पुलिस ने विजेंद्र कुमार चौहान, बबीता निवासी हिम्मतनगर थाना सदर बाजार, सहारनपुर, अमित व यशपाल निवासी रूपड़ी थाना नागल, सहारनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। सीओ पंकज गैरोला ने बताया कि मंगलवार देर शाम आरोपी बबीता, विजेंद्र चौहान और यशपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों से प्रॉपर्टी डीलर से वसूली गई डेढ़ लाख की नकदी और तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं। एक आरोपी अमित कुमार फरार चल रहा है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।