गन्ना भुगतान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने लिब्बरहेड़ी में उत्तम शुगर मिल के गेट के सामने धरना प्रदर्शन किया। शाम को किसानों ने 26 फरवरी तक भुगतान की चेतावनी देकर धरना समाप्त कर दिया।
बृहस्पतिवार सुबह मिल गेट पर धरना प्रदर्शन के लिए भारी संख्या में किसान पहुंचे। धरने से पहले किसानों ने हवन पूजन किया। शाम करीब साढ़े चार बजे मिल प्रबंधन की ओर से एजीएम अनिल सिंह को किसानों के साथ वार्ता करने के लिए मिल गेट पर भेजा गया। कुछ देर वार्ता करने के बाद एजीएम के साथ किसानों की झड़प हो गई। किसानों ने एजीएम पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए वार्ता करने से इनकार कर दिया और धरना जारी रखा। यूनियन के जिला अध्यक्ष विकेश बालियान ने कहा किसानों का शोषण किया जा रहा है। देर शाम किसानों ने 26 फरवरी तक भुगतान नहीं होने पर विशाल प्रदर्शन की चेतावनी देकर धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर अखिलेश, ऋषिपाल, अनिल, बॉबी, प्रवीण, प्रदीप, सोनवीर, संजीव,श्रवण, सतपाल, लीलू, पुष्पेंद्र, मांगेराम, समीर, निशांत, देशराज, जितेंद्र, सतपाल, गयूर, विक्की तोमर, शमशाद, पुनीत आदि मौजूद रहे।