सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक कार टकरा गई, जिससे उसके अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान गनीमत रही कि बैलून खुल गए, जिससे तीनों की जान बच गई। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद निवासी आसिफ शनिवार रात करीब साढ़े छह बजे रुड़की की ओर से कलियर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार कलियर-मेहवड़ के बीच गंगनहर की पटरी पर पहुंची तो सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर ट्रॉली से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इस बीच कार में लगे सुरक्षा बैलून भी खुल गए, जिससे तीनों लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। एसओ धर्मेंद्र राठी ने बताया कि जानकारी मिली है कि ट्रैक्टर का डीजल खत्म हो गया था। इस पर चालक सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली को खड़ा कर डीजल लेने चला गया था। इस बीच यह हादसा हुआ है। कार को थाने में खड़ा करा दिया गया है। मामले में तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।