एसएसपी ने यूपी की सीमाओं का निरीक्षण कर पुलिस को हर वाहन की सख्ती से चेकिंग करने के निर्देश दिए।
कोरोना महामारी के चलते पहले से ही सीमाओं पर लोगों की जांच की जा रही है। वहीं, अब विधानसभा चुनाव के चलते हर गाड़ी की चेकिंग भी शुरू हो गई है। चेकिंग और कोरोना जांच की व्यवस्थाएं देखने के लिए बृहस्पतिवार देर शाम एसएसपी डॉ. योगेंद्र रावत सीमाओं का निरीक्षण किया। सबसे पहले वे नारसन बॉर्डर पहुंचे। यहां लगभग 10 मिनट निरीक्षण कर पुलिस की चेकिंग की व्यवस्थाएं देखीं। इसके बाद वह भगवानपुर स्थित मंडावर चेक पोस्ट पहुंचे और निर्देश दिए कि चुनाव को लेकर हर वाहन की जांच की जाए। किसी भी स्थिति में बाहरी राज्यों से प्रदेश में अवैध शराब, कैश आदि नहीं आने चाहिए। उन्होंने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए भी चेकिंग का दायरा बढ़ाने के लिए निर्देश दिए। एसएसपी ने ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को भी चेकिंग के साथ अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने के निर्देश दिए। कहा कि सैनिटाइजर और मास्क का प्रयोग जरूर करें। इस दौरान एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल, सीओ मंगलौर पंकज गैरोला, मंगलौर कोतवाल अमरचंद शर्मा, नारसन चौकी प्रभारी ब्रजपाल सिंह, भगवानपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट, एसआई आशीष नेगी, एसआई आशीष शर्मा, ललित कुमार, सुधीर चौधरी, लाल सिंह मौजूद रहे।