भोपाल में हुए वाटर स्पोर्ट्स में मेडल जीतकर लौटे शिवालिक वाटर स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों का रुड़की पहुंचने पर नगर विधायक ने स्वागत किया। साथ ही वाटर स्पोर्ट्स को लेकर गंगनहर में कुछ बेहतर करने का आश्वासन दिया।
सोलानी पुल के पास स्थित शिवालिक वाटर स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों ने 10 मार्च 2022 को भोपाल में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में प्रतिभाग किया था। इसमें रुड़की की विचित्रा गुप्ता ने क्याकिंग और कैनोइंग में सिल्वर मेडल प्राप्त किया। वहीं शिवालिक क्लब के विशाल गिरी ने झारखंड की तरफ से खेलते हुए ब्रांज मेडल जीता था। इन खिलाड़ियों के लौटने पर शिवालिक क्लब की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रदीप बत्रा और भाजपा नेता संजय अरोड़ा ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। क्लब के कोच रमा शंकर ने बताया कि विपरीत परिस्थितियों में वे खिलाड़ियों को नेशनल के लिए तैयार करते हैं। यदि सरकार की तरफ से उन्हें थोड़ी सी मदद मिल जाए तो वे इन खिलाड़ियों को ओलंपिक के लिए भी तैयार कर सकते हैं। विधायक प्रदीप बत्रा ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी ओर से क्लब के लिए जो हो सके हो सकेगा वह किया जाएगा। इस मौके पर उत्तराखंड कोच राजीव कुमार, आईआईटी कोच लक्ष्मण यादव, जम्मू प्रसाद, राधेश्याम, अमित गुप्ता, वंश, हर्ष, रितिक, खुशी, तरनिजा गुप्ता, विधान गुप्ता, विनायक मौजूद रहे।