{"_id":"574351764f1c1bba7d690e89","slug":"relief-showers-storms-trouble","type":"story","status":"publish","title_hn":"राहत की बारिश, मुसीबत का अंधड़","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राहत की बारिश, मुसीबत का अंधड़
ब्यूरो/अमर उजाला रुड़की
Updated Tue, 24 May 2016 12:22 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुड़की। भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों के लिए सोमवार का दिन बेहद राहत लेकर आया। दोपहर बाद घने काले बादलों और तेज अंधड़ के साथ जमकर बारिश हुई। इससे लोगों के चेहरे खिल उठे। भीग-भीगकर लोगों ने बारिश का आनंद उठाया। वहीं अंधड़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई। शहर से देहात तक जगह-जगह कई पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हुआ। कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। तारों पर पेड़ गिरने से शहर से देहात तक बिजली भी गुल रही।
विज्ञापन
इस बार लोग अप्रैल माह से ही गर्मी झेल रहे थे। बीच में दो-चार दिन के लिए राहत भी मिली थी। लेकिन मई शुरू होने के साथ गर्मी ने भीषण रुप धारण कर लिया था। रात को भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी। सोमवार को लोग सुबह उठे तो काले बादल और ठंडी हवाओं को चलता देख चेहरे खिल उठे। हल्की बारिश भी हुई। लेकिन सुबह नौ बजे आसमान से काले बादल गायब हो गए। फिर चिलचिलाती धूप निकल आई। यह देख गर्मी से राहत पाने की उम्मीद लोग छोड़ बैठे। लेकिन दोपहर दो बजे के बाद से फिर काले बादल छा गए और झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब आधा घंटा तक बारिश हुई। उसके बाद फिर मौसम साफ होने लगा। लेकिन अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे आसमान फिर एकाएक घने काले बादल छाने लगे। बादलों के साथ आंधी चली और फिर झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे के बाद तेज बारिश फिर धीमी हो गई। छह बजे के करीब बारिश रुक गई। लेकिन बारिश और ठंडी हवा चलने मौसम एकदम कूल-कूल हो गया। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो सोमवार शाम आई बारिश और चक्रवाती तूफान रॉनू का असर था। शाम चार बजे से साढ़े पांच बजे तक 18.8 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है।
विज्ञापन
कोट
सोमवार शाम को आंधी के साथ हुई बारिश बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान रॉनू के कारण आई है। रॉनू तूफान काफी प्रभावशाली था। लेकिन यहां तक पहुंचते उसका प्रभाव कम हो गया। हालांकि इसके बाद भी अच्छी बारिश हुई है। आंधी भी काफी तेज थी।
विज्ञापन
राजदेव सिंह, निदेशक, एनआईएच रुड़की।
इनसेट
दिन में देखी रात
रुड़की। सोमवार शाम चार बजे लोगों ने दिन के समय रात देखी। सामान्य दिनों में चार बजे बेहद तेज धूप रहती है। तेज धूप की वजह से लोग घर से बाहर निकलने की भी हिम्मत नहीं जुटा पाते। लेकिन शाम चार बजे इतने काले घने बादल आसमान पर छाए कि दिन में ही रात हो गई। दिन में अंधेरा देख लोग भी हैरान रह गए। लोगों को लाइटें आदि जलानी पड़ी। करीब आधे घंटे तक अंधेरा छाया रहा।
इनसेट
पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त
रुड़की। शाम को आए अंधड़ और बारिश से शहर से देहात तक जगह-जगह कई पेड़ गिरे। इससे आवागमन तो बाधित हुआ ही बिजली के खंभे आदि भी टूट गए। पेड़ गिरने से कई स्थानों पर वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है। हालांकि किसी के हताहत होने की बात सामने नहीं आई है। सिविल लाइंस स्थित एसडीएम चौक के समीप एक पेड़ गिरने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा जादूगर रोड पर एक पेड़ गिरने से तीन स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई।
इनसेट
सड़कों पर भरा पानी
रुड़की। अंबर तालाब, पुरानी तहसील, चंद्रपुरी, सलेमपुर रोड, रामनगर, आजादनगर आदि सहित कई स्थानों पर सड़कों पर बारिश का पानी भर गया। इसकी वजह से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।