तीन दिन में भरे जाएंगे हाईवे के गड्ढे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाईवे पर जगह-जगह बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। गड्ढों के चलते आए दिन लोग जाम से जूझ रहे हैं। अमर उजाला पहले भी इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित कर चुका है। उस दौरान अधिकारियों ने एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल दी थी। लेकिन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया था। लेकिन जब हालात में सुधार नहीं हुआ तो अमर उजाला ने पड़ताल की तो एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने स्वीकार किया कि हाईवे मरम्मतीकरण की जिम्मेदारी हमारी है। दो-तीन दिन में गड्ढों का मरम्मतीकरण करवा दिया जाएगा।
शहर के समीप हरिद्वार हाईवे स्थित सोलानी पुल के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग बदहाल है। बड़े-बड़े गड्ढों से पैदल चलना तक मुश्किल हो रहा है। दिल्ली हाईवे पर एमएच तिराहे के आगे स्थित डबल फाटक पुल भी बदहाल है। लेकिन महीनों से इसकी सुध नहीं ली जा रही है। इन दिनों चारधाम यात्रा चरम पर है। जिसके चलते आए दिन मार्ग पर जाम से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है।
इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। उसके बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया था। लेकिन एक माह बाद भी गड्ढों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इस संबंध में जब दुबारा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित को जानकारी दी गई तो उन्होंने निगम को गड्ढे दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस पर मेयर यशपाल राणा ने कहा कि इसकी जिम्मेदारी लोनिवि की है। जब लोनिवि के सहायक अभियंता नवीन कौशिक से गड्ढों के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने इसे एनएच विभाग की जिम्मेदारी बताई।
एनएच खंड के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र मिश्रा का कहना है कि हाईवे पर मरम्मतीकरण की जिम्मेदारी एनएचएआई के परियोजना निदेशक की है। उसके बाद एनएचएआई के परियोजना निदेशक संदीप गुसांई ने स्वीकार किया कि हाईवे मरम्मतीकरण का काम उनका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले दो-तीन दिन में हाईवे पर गड्ढों का मरम्मतीकरण शुरू दिया जाएगा।