मंगलौर। सगाई के बाद युवक पक्ष ने युवती पक्ष से दहेज में डेढ़ लाख की रकम और कार देने की शर्त रखी। इस पर युवती पक्ष ने दहेज देने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवक पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया। युवती पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों पर दहेज अधिनियम सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बहन की सगाई पांच अगस्त को बहादराबाद थाना क्षेत्र के मूलदासपुर गांव निवासी राहुल के साथ की थी। सगाई में करीब ढाई लाख रुपये का खर्च आया था। दोनों परिवारों की सहमति से 13 दिसंबर को शादी की तिथि निर्धारित की गई थी। तिथि निर्धारित होने के बाद शादी के कार्ड छपवा कर सभी रिश्तेदारियों में बांट दिए गए। इस दौरान युवक पक्ष ने दहेज में डेढ़ लाख और कार देने की मांग की। उन्होंने दहेज देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि युवक पक्ष ने शादी से इनकार कर रिश्ता तोड़ दिया। 21 सितंबर को उन्होंने युवक पक्ष से रिश्ता तोड़ने की बाबत मोबाइल पर कॉल कर जानकारी ली। आरोप है कि युवक पक्ष ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। धमकी दी कि शादी के लिए जबरदस्ती की तो वह शादी करने के बाद लड़की की हत्या कर देंगे। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि राहुल, अनुज, अंकित, नर्मिता, निक्की व राम अवतार निवासी मूलदासपुर माजरा, थाना बहादराबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।