भिक्कमपुर पुलिस ने खनन सामग्री के फर्जी बिल तैयार कर राजस्व को चूना लगाने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों का एक साथी मौके से फरार हो गया। फर्जी बिल तैयार करने वाले व्यक्ति की दुकान से लैपटॉप, इंटरनेट डिवाइस, स्कैनर प्रिंटर बरामद किया गया है।
करीब सात आठ महीने से भिक्कमपुर क्षेत्र में खनन सामग्री के फर्जी बिल तैयार करने वाला एक गिरोह सक्रिय था। यह गिरोह खनन सामग्री के फर्जी बिल तैयार कर राजस्व को हानि पहुंचा रहा था। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार रात्रि भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी मनोज नौटियाल ने टीम के साथ फतवा गांव के पास खनन सामग्री से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली रोक ली। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक से खनन सामग्री संबंधी बिल मांगा तो चालक ने भिक्कमपुर गांव के पास स्थित स्टाक जय गंगा ट्रेडिंग कंपनी के नाम का बिल दिखाया। पुलिस ने जय गंगा ट्रेडिंग कंपनी भिक्कमपुर से पूछताछ की तो बिल फर्जी निकला। फंसता देख ट्रैक्टर चालक के बराबर में बैठा उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस खनन सामग्री से लदे ट्रैक्टर-ट्राली सहित चालक को पकड़कर भिक्कमपुर पुलिस चौकी ले आई। पूछताछ में चालक ने भिक्कमपुर स्थित एक दुकान पर बिल तैयार कराने की बात कबूली। इसके बाद पकड़े गए आरोपी चालक की जानकारी पर दबिश देकर फर्जी बिल तैयार करने वाले व्यक्ति को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि अवैध खनन सामग्री से लदी ट्रैक्टर-ट्राली के साथ पकड़ा गया ट्रैक्टर चालक सतीश कुमार निवासी रामपुर रायघटी है। ट्रैक्टर से कूदकर भागने वाला उसका साथी रामकुमार निवासी रामपुर रायघटी है। दोनों के खिलाफ खनन सामग्री चोरी करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फर्जी बिल तैयार करने वाले आरोपी मेहताब के कब्जे से एक लैपटॉप, 1 जिओ का इंटरनेट डिवाइस, एक स्कैनर प्रिंटर बरामद किया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। अवैध खनन सामग्री से लदी ट्रैक्टर-ट्राली भी सीज कर दी गई है। फर्जी बिल तैयार करने वाले गिरोह को पकड़ने वाली टीम में उपनिरीक्षक बुद्धि सिंह पवार, कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांता प्रसाद आदि शामिल रहे।