ह्यसीवर कनेक्शन के कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए सहायक नगर आयुक्त ने बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने काम की धीमी गति पर असंतोष जताया। उन्होंने बताया कि शहर में 10 हजार से अधिक कनेक्शन होने हैं और अभी तक मात्र 300 कनेक्शन ही हुए हैं। ऐसे में एक जोन में भी काम पूरा नहीं होने पर अगले जोन में कनेक्शन के लिए खुदाई की अनुमति दिया जाना संभव नहीं होगा। उन्होंने सीवर कनेक्शन के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एडीबी की ओर से सीवर लाइन बिछाने के बाद अब कनेक्शन दिए जा रहे हैं। नगर निगम की ओर से फिलहाल कनेक्शन के लिए जोन एक में खुदाई की अनुमति दी गई है। अधिकारियों का मानना है कि काम के नाम पर पूरे शहर में एक साथ खुदाई का काम न हो, इसलिए एक जोन में काम पूरा होने के बाद दूसरे जोन में अनुमति दी जाएगी। जोन एक के तहत गणेश चौक से पनियाला रोड, गणेश चौक से प्रीत विहार और आजादनगर से शेखुपुर तक के क्षेत्र में करीब तीन हजार कनेक्शन दिए जाने हैं। कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने बताया कि अभी तक इस जोन में मात्र 300 कनेक्शन हो पाए हैं। जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार प्रतिदिन 30 कनेक्शन दिए जा रहे हैं। ऐसे में काम को पूरा करने में सालों का समय लग जाएगा। उन्होंने काम करने वाले लोगों की संख्या बढ़ाकर जल्द से काम पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार प्रीतम सिंह और अवर अभियंता जगदीश शर्मा भी मौजूद रहे।