ईद का चांद नजर आने और माह-ए-रमजान के 30 रोजे पूरे होने के बाद आज सोमवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। ईद की पूर्व संध्या पर बाजारों का सन्नाटा भी टूटा और बड़ी संख्या में लोगों ने जरूरी सामान की खरीदारी की। इसके चलते बाजार में भी भीड़भाड़ और रौनक दिखाई दी। हालांकि, लॉकडाउन के चलते सार्वजनिक रूप से त्योहार मनाने की पाबंदी है। फिर भी लोगों ने घरों में ही खाने-पीने की चीजें बनाने के इंतजाम किए हैं। सोशल मीडिया पर मुबारकबाद का सिलसिला शुरू हो गया है।
सोमवार को सुबह आठ से नौ के बीच ईद की नमाज अदा करने के बाद घर-घर में खाने-पीने और ईद की बधाई देने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। ईदगाह और मस्जिदों में सिर्फ पांच लोग ही नमाज अदा करेंगे। बाकी लोग अपने घरों में ईद की नमाज पढ़ेंगे। पुलिस प्रशासन के साथ उलेमाओं ने भी कोरोना को ध्यान में रखते हुए सादगी के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। सीर और सेवई बनाने के का सिलसिला रविवार की रात से ही शुरू हो गया था। घरों में पकौड़ी समेत शीतल पेयजल के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इन सब चीजों को बनाने के लिए रविवार को दिनभर बाजार में खरीदारों की भीड़ लगी रही। हालांकि, कपड़े और जूते आदि की खरीदारी पहले ही कर चुके हैं। खास परिचितों को शारीरिक दूरी के वादे के साथ निमंत्रण भी दिए जा रहे हैं। हालांकि, इस बार पहले की तरह घरों में भीड़ दिखाई नहीं देगी, लेकिन उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है।