देहरादून स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल की ओर से हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय आशु भाषण प्रतियोगिता में ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल के 12वीं के छात्र ने पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए स्कूल स्टाफ के साथ ही अभिभावकों ने छात्र को बधाई दी है।
सोमवार को देहरादून में आयोजित आशु भाषण प्रतियोगिता में पंजाब, हरिणाया, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश आदि राज्यों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इंडियन पब्लिक स्कूल में 15 वर्षों से लगातार हिंदी दिवस पर इस प्रतियोगिता का आयोजन होता है। इस वर्ष भी पंडित भानु प्रताप शुक्ल ऑनलाइन आशु भाषण प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 15 हजार, द्वितीय पुरस्कार 10 हजार और तृतीय पुरस्कार के तौर पर पांच हजार रुपये की नकद धनराशि रखी गई। प्रतियोगिता में ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल के 12वीं के छात्र शिवांश ने पहला स्थान प्राप्त कर स्कूल और शहर का नाम रोशन किया। प्रधानाचार्य माला चौहान ने छात्र को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्कूल के छात्र हर स्तर पर प्रथम आकर स्कूल का नाम रोशन कर रहे हैं। संवाद