{"_id":"648df6f1a484e1f1810ac956","slug":"government-should-pay-the-farmers-there-should-be-roorkee-news-c-5-1-drn1031-180812-2023-06-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"किसानों का भुगतान दिलाए सरकार, चकबंदी में भ्रष्टाचार की हो जांच : तोमर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
किसानों का भुगतान दिलाए सरकार, चकबंदी में भ्रष्टाचार की हो जांच : तोमर
विज्ञापन
विज्ञापन
तहसील में हुई पंचायत में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के आश्वासन पर धरना किया समाप्त
चार दिन से धरने पर बैठे भाकियू तोमर के पदाधिकारी और किसानों ने तहसील में पंचायत कर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने सरकारी विभागों में किसानों का शोषण किए जाने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त करने का एलान कर दिया।
करीब चार दिन से भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट का किसानों की गन्ना भुगतान, बिजली की बढ़ती दरों को कम किए जाने, चकबंदी और तहसील में किसानों की शिकायतों का निस्तारण किए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर धरना चल रहा है। इसी कड़ी में यूनियन का शनिवार को पूर्व निर्धारित रेल रोको आंदोलन भी तय था। एक दिन पहले इस आंदोलन को स्थगित करने को लेकर प्रशासन की यूनियन पदाधिकारियों से हुई वार्ता विफल हो गई थी।
विज्ञापन
शनिवार को जैसे ही यूनियन पदाधिकारी रेल रोको आंदोलन के लिए कूच करने लगे तो प्रशासन ने उन्हें आंदोलन स्थगित कर वार्ता के लिए बुलाया। इसपर यूनियन ने रेल रोको आंदोलन स्थगित कर तहसील में पंचायत आयोजित की। पंचायत में नगर व आसपास के अलावा अन्य प्रदेश के किसान भी पहुंचे। यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि इस समय चीनी मिल पर किसानों का करोड़ों रुपये का भुगतान चल रहा है। प्रशासन सबसे पहले इस भुगतान को किसानों को दिलाए।
विज्ञापन
इसके अलावा चकबंदी विभाग में हो रहे किसानों के शोषण पर भी रोक लगे। हाल ही में बढ़ी बिजली की दरों को वापस लेने सहित अन्य मांगों का ज्ञापन जेएम को सौंपा। उन्होंने कहा कि यदि जल्द इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बार रेल रोको आंदोलन किसी भी सूरत में नहीं रुकेगा। इस दौरान जेएम सहित अन्य अधिकारियों के आश्वासन पर यूनियन ने धरना समाप्त कर दिया।
भाकियू तोमर ने मंगलौर कोतवाली में भी दिया धरना
मंगलौर। भारतीय किसान यूनियन तोमर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर मंगलौर कोतवाली में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कोतवाली प्रभारी को डीजीपी व एसएसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को भारतीय किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष विकेश बालियान के नेतृत्व में मंगलौर कोतवाली पहुंचे। वहां उन्होंने मंगलौर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। यूनियन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने करीब एक घंटे तक मंगलौर कोतवाली में धरना दिया। उनकी मांग थी कि मंगलौर कोतवाली में क्रॉस केस दर्ज करने का खेल चल रहा है, जिस पर रोक लगाई जाए।
वहीं मंगलौर कोतवाली में अवैध रूप से किसानों की बाइकों की चेकिंग कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। अपनी छह मांगों को लेकर भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली प्रभारी महेश जोशी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इसके बाद यूनियन के कार्यकर्ताओं ने एनएच पर जाम भी लगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कार्यकर्ताओं को जाम लगाने से रोक दिया और ज्ञापन लेकर उन्हें रवाना कर दिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विकेश बालियान, पुरकाजी ब्लॉक अध्यक्ष अजय त्यागी, आकिल राजपूत, इरशाद राई, विजयलक्ष्मी, मोहम्मद सलीम, प्रीति, शहजाद, अजब सिंह, परविंदर सिंह, विनोद कुमार, जय सिंह, इरशाद व नौशाद समेत अन्य उपस्थित रहे।