पुलिस ने रेलवे के गोदाम से लोहा चोरी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी का सामान और एक ट्रक बरामद किया है। वहीं, फरार चल रहे दो आरोपियों की तलाश कर रही है।
झबरेड़ा में ओम निवासी मुजफ्फरनगर ने रेलवे का ठेका लिया है। उन्होंने झबरेड़ा में ही गोदाम बना रखा है। शुक्रवार रात चोरों ने गोदाम से रेलवे का लोहे का सामान चोरी कर लिया था। ठेकेदार की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर लिया था। तभी से पुलिस चोरी के खुलासे का प्रयास कर रही थी। शनिवार को सूचना मिली कि लाठरदेवा शेख के पास एक संदिग्ध ट्रक जा रहा है। पुलिस ने ट्रक रोककर तलाशी ली तो चोरी का लोहा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक से 20 कट्टे सीमेंट, एक वेल्डिंग मशीन, पांच क्विंटल लोहा बरामद किया। साथ ही उसमें सवार चार आरोपियों को को गिरफ्तार कर लिया जबकि दो फरार हो गए। एसओ रविंद्र कुमार ने बताया कि चोरी में शमशेर निवासी रामपुर, रुड़की, नफीस, वकील और चमन्ना निवासी पुहाना, थाना भगवानपुर को गिरफ्तार किया है। जबकि परवेज और आरिफ फरार हो गए। चारों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। टीम में एसआई नरेंद्र रावत, नूर हसन, रणवीर, भूपेंद्र और नीरज शामिल रहे।