नारकोटिक्स सेल और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर दो अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को एक लाख रुपये से अधिक की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। साथ ही उनका एनडीपीएस एक्ट में चालान कर दिया गया। अभियान से स्मैक बेचने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि लक्सर पुलिस और नारकोटिक्स सेल हरिद्वार की टीम ने खड़ंजा कुतुबपुर से रायसी जाने वाली सड़क से मुसरत निवासी खड़ंजा कुतुबपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 38.30 ग्राम स्मैक, 2500 रुपये, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से पकड़ी गई स्मैक की कीमत एक लाख दस हजार रुपये है। टीम में रायसी चौकी प्रभारी विनय मोहन द्विवेदी, कांस्टेबल अवनेश, सुरवीर सिंह, अमित नेगी और नारकोटिक्स सेल से कांस्टेबल दीपक व रियाज अली शामिल थे। वहीं, दूसरे मामले में कोतवाली पुलिस ने कुआंखेड़ा पुलिस पिकेट के पास से दो बाइकों पर सवार चार लोगों को पकड़ लिया। तलाशी में आरोपियों के पास से 6.62 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम साकिब, दिलशाद निवासी झोजियान थाना पुरकाजी, मेहताब व फरमान निवासी शिकारपुर थाना मंगलौर बताया। टीम में एसएसआई मनोज सिरोला, कांस्टेबल सुरेंद्र शर्मा, अजीत तोमर, अरुण, ताजवार शामिल थे। उन्होंने बताया कि सभी का एनडीपीएस में चालान कर दिया गया है।