ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। एक युवक ने कमेटी में साझेदार अपने साथी पर लाखों रुपये ठगने का आरोप लगाया है। आरोप है कि कई बार मांगने के बाद भी वह रकम लौटाने में आनाकानी कर रहा है। शिकायत पर एसपी देहात ने युवक के साझेदार को बुलाकर फटकार लगाई। साथ ही गंगनहर कोतवाली पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी युवक और रामनगर निवासी उसके साथी ने कमेटी चला रखी थी। युवक कमेटी की रकम जमा करता रहा। युवक ने अपने साथी के पास करीब 38 लाख रुपये जमा कर दिए। इस बीच उसने रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर साथी ने कुछ दिनों बाद रकम देने की बात कही। युवक ने कुछ दिनों बाद रकम दोबारा वापस मांगी। आरोप है कि वह रकम लौटाने में आनाकानी करने लगा। रविवार को युवक अपने साथी के घर रकम मांगने पहुंचा। आरोप है कि साथी ने उसे भगा दिया। युवक ने सोमवार को एसपी देहात नवनीत सिंह से शिकायत कर तहरीर दी। एसपी देहात ने युवक के साथी को कार्यालय बुलाकर पूछताछ की तो बहानेबाजी करने लगा। इस पर एसपी देहात ने उसे जमकर फटकार लगाई। इस पर वह मामले का निपटारा करने की बात पर आ गया। एसपी देहात ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।