लक्सर। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर ही उन्होंने दुकान में सेंध लगाकर एक लाख से अधिक की चोरी कर ली। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।
कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव सैनपुर निवासी रामकुमार की लक्सर कोतवाली से कुछ ही दूरी पर परचून की दुकान है। रोजाना की तरह वह सोमवार की शाम करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए। इस बीच चोरों ने रात में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। मंगलवार की सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर का नजारा देखकर वह भौचक्के रहे गए। दुकान की दीवार में सेंध लगी हुई थी और अधिकतर सामान गायब था। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले। वहीं, दुकान स्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि चोर दुुकान के गल्ले में रखी 20 हजार की नकदी, देसी घी के दो कनस्तर, बदाम, अखरोट, काजू, सरसों के तेल के कनस्तर, सिगरेट के पैकेट आदि सामान ले गए हैं। सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।