लक्सर/खानपुर। निरंजनपुर गांव के ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी और बीडीओ पर प्रधानमंत्री आवास के लिए अपात्र लोगों से पैसे लेकर उनका नाम सूची में दर्ज करने का आरोप लगाया। साथ ही तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र भी भेजा है।
लक्सर विकासखंड के निरंजनपुर गांव के आधा दर्जन ग्रामीण मंगलवार को तहसील मुख्यालय पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। आरोप लगाया कि ग्राम विकास अधिकारी और बीडीओ ने अपात्र लोगों से पैसे लेकर उनके नाम प्रधानमंत्री आवास सूची में दर्ज किए हैं। कहा कि वे कई बार तहसील अधिकारियों से लेकर जिला मुख्यालय तक मामले की शिकायत कर चुके हैं। इस मामले में जांच टीम का गठन किया गया था, लेकिन जांच टीम में वही लोग शामिल किए हैं, जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर मामले की दोबारा जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सुनील कुमार, पंकज कुमार, ईलम चंद, हर्ष कुमार, राजेश कुमार और यशपाल आदि मौजूद रहे। उधर, ग्राम विकास अधिकारी राजेंद्र राणा का कहना है कि किसी ग्रामीण से प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम दर्ज कराने की बाबत कोई पैसा नहीं लिया गया है। वहीं, बीडीओ लक्सर मनमोहन सिंह रावत का कहना है कि ब्लॉक मुख्यालय से एक जांच कमेटी बनाकर मामले की जांच कराई गई है। जांच रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी गई है।