जनहित दिव्यांग सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने खंड विकास अधिकारी पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाकर ब्लॉक कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही उनकी बर्खास्तगी की मांग की।
सोमवार को नारसन ब्लॉक कार्यालय के बाहर समिति ने खंड विकास अधिकारी के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता वीरेंद्र जात्ति ने बताया कि खंड विकास अधिकारी की ओर से दिव्यांग राजकुमार निवासी नारसन खुर्द के साथ अभद्र व्यवहार किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना में राजकुमार लाभार्थी थे, लेकिन खंड विकास अधिकारी ने सांठगांठ के चलते उन्हें योजना का लाभ देने से रोका है और सूची से उनका नाम गायब कर दिया गया है। जब पीड़ित बीडीओ से अपने मकान की बाबत पूछने गए तो अभद्र व्यवहार कर मारपीट कर दी। गढ़वाल मंडल अध्यक्ष तलत परवीन ने कहा कि खंड विकास अधिकारी का रवैया किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, विधायक काजी निजामुद्दीन ने धरने पर पहुंचकर समर्थन देते हुए कहा कि दिव्यांगों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले मानसिक रूप से दिव्यांग हैं। इस दौरान अनूप कुमार, शिवदास सिंह, डॉ. इमरान, परवेज अली व शैलेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।