राजकीय उचित दर विक्रेता एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ विपणन अधिकारी को ज्ञापन देकर अगस्त का राशन उठाने के लिए अतिरिक्त समय दिए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि फिलहाल अगस्त महीने के निशुल्क खाद्यान्न से गोदाम भरे पड़े हैं। उनके पास कम दाम वाला राशन रखने के लिए अतिरिक्त गोदाम नहीं है।
राजकीय उचित दर विक्रेता एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ विपणन अधिकारी रेणू जैकरी को ज्ञापन देकर बताया कि प्रधानमंत्री कल्याण अन्न योजना के तहत निशुल्क खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है। सभी राशन डीलर अगस्त का निशुल्क खाद्यान्न उठा चुके हैं। साथ ही आदेश हैं कि इस निशुल्क राशन का वितरण एक अगस्त के बाद ही किया जाए। वहीं दूसरी ओर प्रतिमाह आने वाले सस्ते दाम वाले राशन को उठाने के लिए भी दबाव बनाया जा रहा है। जबकि राशन डीलरों के पास राशन को रखने के लिए अब पर्याप्त जगह नहीं बची है। ऐसे में राशन डीलरों ने मांग की है कि अगस्त का सस्ते दाम वाला राशन उठाने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाए। इस बीच वह निशुल्क राशन बांट देंगे और उनके गोदाम भी खाली हो जाएंगे। पदाधिकारियों ने ज्ञापन की एक प्रतिलिपि जिला पूर्ति अधिकारी को भी भेजी है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अनीश अहमद ने बताया कि विभागीय अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों से वार्ता करने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान उपाध्यक्ष अजहर अली, सचिव गगन सक्सेना, चमन सिंह, मुकेश, अथर हसन आदि मौजूद रहे।