महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव पर नगर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें लव कुश को शिक्षा देते हुए भगवान वाल्मीकि, हनुमान को कैद किए लव कुश, अश्वमेघ यज्ञ के घोड़े को कैद किए हुए लव कुश की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण के नृत्यों की प्रस्तुति ने सभी को मंत्र मुग्ध किया। इस दौरान बैंड बाजों की धुन के संग भगवान वाल्मीकि के भजन कीर्तन चलते रहे।
शोभायात्रा का शुभारंभ नगर निगम ऋषिकेश की मेयर अनिता ममगाईं और नगर पालिका मुनिकीरेती के अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। शोभायात्रा रेलवे रोड से प्रारंभ होकर हरिद्वार रोड, झंडा चौक, त्रिवेणी घाट रोड होते हुए रेलवे रोड में संपन्न हुई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस मौके पर राज्यमंत्री कृष्ण कुमार सिंघल, अध्यक्ष राकेश चावरिया, आयोजक रविंद्र बिरला, नंद किशोर जाटव, हरिराम खैरवाल, ब्रह्मानंद वाल्मीकि, अनिकेत गुप्ता, सुरेंद्र मोघा, सुनील, प्रमोद कालरा, रजत कालरा, जगावर आदि उपस्थित थे।