बजरंग दल ने पश्चिम बंगाल में निर्दोष हिंदुओं की हो रही हत्याओं को रोकने की राष्ट्रपति से गुहार लगाई है। उन्होंने राष्ट्रपति से पश्चिम बंगाल सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाने और आतंकियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को बर्दास्त नहीं किया जाएगा। मंगलवार को दल के जिला संयोजक आशीष अग्रवाल के नेतृत्व में दल के सदस्य जिलाधिकारी कार्यालय में एकत्रित हुए। इस दौरान उन्होंने तहसीलदार रेखा आर्य के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में प्रकाश पाल उनकी पत्नी और बच्चे की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे राष्ट्र का हिंदू समाज आहत हुआ है। कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार भी हिंदुओं की अनदेखी कर रही है। विगत कई वर्षों से पश्चिम बंगाल में हिंदू समाज को षड़यंत्र के तहत आतंकित व प्रताड़ित किया जा रहा है। वहां आतंकियों को राज्य सरकार का खुला समर्थन मिला हुआ है। इस अवसर पर शिवम गुप्ता, योगेश शर्मा, शैलेंद्र भंडारी, दिलीप मिश्रा आदि मौजूद थे।