संवाद न्यूज एजेंसी ऋषिकेश। साढ़े तीन महीने बाद भी डिपो के सहायक महाप्रबंधक की ओर से कर्मचारियों का पटल (डेस्क) परिवर्तन ना करने के विरोध में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद और कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की ओर से रोडवेज वर्कशॉप में धरना दिया गया। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जगदीश कुमार का कहना था कि तीन साल से एक ही पटल पर काम कर रहे हैं, कर्मचारियों का पटल परिवर्तन करने के लिए साढ़े तीन माह पहले परिषद की ओर से सहायक महाप्रबंधक को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन उनकी ओर से इस मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के पटल परिवर्तन से मुख्यालय को कागजों में अवगत कराया गया है, जबकि यहां डिपो में उक्त कर्मचारी साढ़े तीन साल से उसी पटल पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पटल परिवर्तन ना होने से अन्य कर्मचारियों में रोष है। यदि उक्त कर्मचारियों का पटल परिवर्तन नहीं होता है तो रोड उत्तराखंड रोडवेज संयुक्त परिषद और उत्तराखंड रोडवेज संयुक्त मोर्चा जोरदार प्रदर्शन के लिए मजबूर होगा। धरना देने वालों में सतीश तिवारी, नवीन तिवारी, दौलत सिंह, शिवराज सिंह, कमल सिंह, पंकज असवाल, भुवन सेमवाल आदि उपस्थित थे।