{"_id":"598355fb4f1c1ba5778b4798","slug":"two-youths-aboard-a-bike-derailed-from-the-hill-fell-dead","type":"story","status":"publish","title_hn":"पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आए बाइक सवार दो युवक, मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आए बाइक सवार दो युवक, मौत
ब्यूरो/अमर उजाला, धारचूला
Updated Thu, 03 Aug 2017 10:27 PM IST
विज्ञापन
बलधार में खाई में गिरे बाइक सवार घायलों को निकालते सुरक्षा बलों के जवान
- फोटो : अमर उजाला
जौलजीबी से तीन किमी आगे बलधार में सड़क पर गिरे मलबे की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। इस स्थान पर बुधवार रात मलबा गिरने से सड़क बंद हो गई थी।
विज्ञापन
बुधवार रात किसी समय पिथौरागढ़-धारचूला हाइवे पर बलधार के पास भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। बृहस्पतिवार को धारचूला के तहसीलदार इंद्र बहादुर मल की देखरेख में मलबा हटाने का काम चल रहा था। सीमा सड़क संगठन द्वारा अपरान्ह करीब 12 बजे सड़क से मलबा हटाया जा सका। इस दौरान करीब 40 वाहनों को पास किया गया। करीब सवा बारह बजे धारचूला से अस्कोट जा रहे बाइक सवार मुकेश बिष्ट (19) पुत्र मदन सिंह निवासी मांगती और धारचूला के रूंग निवासी अविनाश रुंगाल उर्फ अप्पू (18) पुत्र चंद्र लाल पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आकर 100 मीटर नीचे महाकाली नदी के किनारे जा गिरे। मौके पर पहुंचे एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, बलुवाकोट और जौलजीबी पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर काफी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को खाई से निकाला।
विज्ञापन
मौके पर सीमा सड़क संगठन के डॉक्टर डा. एसके सिंह ने दोनों घायलों का प्राथमिक इलाज किया। घायलों को 108 वाहन से जिला अस्पताल के लिए रवाना किया। जौलजीबी के पास अविनाश रुंगाल उर्फ अप्पू ने दम तोड़ दिया। इसके बाद घायल मुकेश बिष्ट का ओगला में सेना के डॉक्टरों की टीम ने फिर इलाज किया। बेहोश मुकेश को ऑक्सीजन दी गई, लेकिन कनालीछीना के पास गुड़ौली में मुकेश की भी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रभारी जिलाधिकारी आशीष चौहान, धारचूला के एसडीएम राजकुमार पांडे और सीमा सड़क के कमांडेंट लेफ्टीनेंट कर्नल प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गए थे।
विज्ञापन
बलधार में लगातार गिर रहे पत्थर, हाइवे को यातायात के लिए बंद किया
बलधार में जिस स्थान पर हादसा हुआ, उस स्थान पर लगातार मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने बलधार में यातायात संचालन पर रोक लगा दी है। प्रभारी डीएम आशीष चौहान ने कहा कि खतरा कम होने पर ही यातायात संचालन होगा। उन्होंने कहा कि बरसात के सीजन में सड़क चौड़ीकरण के काम पर भी रोक लगाई जा रही है। बता दें कि बरसात के सीजन में भी सड़क चौड़ीकरण का काम जारी होने से हाइवे पर मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं। कनालीछीना के पास गुड़ौली से बलुवाकोट तक सड़क काफी खतरनाक बनी है। हालांकि सीमा सड़क संगठन के कमांडिंग अफसर लेफ्टीनेंट कर्नल प्रदीप कुमार ने कहा कि बृहस्पतिवार को बलधार में सड़क चौड़ीकरण का काम नहीं किया जा रहा था। सड़क पर आए मलबे को हटाने का काम किया जा रहा था।