Uttarakhand: पिथौरागढ़ में शिक्षकों ने भरी हुंकार, प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती का विरोध; रैली निकालकर दिया धरना
पिथौरागढ़ जिले भर के माध्यमिक शिक्षकों ने कार्य बहिष्कार कर प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती का विरोध करते हुए रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया।
विस्तार
पिथौरागढ़ जिले भर के माध्यमिक शिक्षकों ने कार्य बहिष्कार कर प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती का विरोध करते हुए रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया। उन्होंने कहा प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती से उनके लिए पदोन्नति के रास्ते बंद कर दिए गए हैं। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शुक्रवार को जिले भर के माध्यमिक शिक्षक जिला मुख्यालय में एकत्र हुए और सीईओ कार्यालय से कलक्ट्रेट तक सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। बाद में उन्होंने कलक्ट्रेट के बाहर धरना दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्रधानाचार्य के पद पदोन्नति से भरे जाते रहे हैं। अब सरकार ने प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती का निर्णय लेकर प्रवक्ता और एलटी संवर्ग के शिक्षकों के लिए पदोन्नति के रास्ते बंद कर दिए हैं। प्रदेश भर में आठ हजार से अधिक प्रवक्ता हैं। सरकार के तय मानकों के अनुसार सिर्फ 2100 प्रवक्ता ही प्रधानाचार्य भर्ती में शामिल हो रहे हैं।
एलटी संवर्ग को भर्ती में शामिल होने का मौका ही नहीं दिया गया है। पदोन्नति हर कर्मी का अधिकार है, इससे वंचित रखना सरासर गलत है। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने यह निर्णय वापस नहीं लिया तो प्रदेश भर के माध्यमिक शिक्षक 14 सितंबर से देहरादून में आमरण अनशन शुरू कर देंगे। वहीं अन्य शिक्षक संगठनों ने भी माध्यमिक शिक्षकों के समर्थन में धरना दिया। धरना देने वालों में राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भंडारी, जिला मंत्री प्रवीण रावल, पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद भंडारी, जनक बिष्ट, गोविंद खड़ायत, लक्ष्मी दत्त जोशी, ज्योति वर्मा सहित कई शिक्षक शामिल रहे।
ये पढ़ें- Bhimtal News: शिक्षकों नें भरी हुंकार, कहा- हमारी मांगे पूरी करो सरकार; CEO कार्यालय में किया धरना प्रदर्शन
शिक्षकों की हड़ताल से पढ़ाई प्रभावित
शिक्षकों की हड़ताल से जिले भर में संचालित 128 इंटर कॉलेज और 87 हाईस्कूलों में पढ़ाई प्रभावित रही। शिक्षक कार्य बहिष्कार करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे और 15 हजार से अधिक विद्यार्थी कक्षाओं में खाली बैठे रहे।
पक्ष और विपक्षी विधायक उतरे शिक्षकों के समर्थन में
विपक्षी विधायक तो शिक्षकों की मांग को लेकर लंबे समय से सरकार को घेर रहे हैं। अब सत्ता पक्ष के विधायक भी शिक्षकों के समर्थन में उतरे हैं। पिथौरागढ़ से भाजपा विधायक विशन सिंह चुफाल, कपकोट के विधायक सुरेश गढि़या, जागेश्वर विधायक मोहन सिंह महरा, रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट सहित अन्य विधायकों ने उच्च शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर शिक्षकों की मांग पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। वहीं धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी, पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित अन्य विपक्षी विधायकों ने भी प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती के निर्णय को वापस लेने की मांग की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.