मानवता शर्मसार: सैन्यकर्मियों का इलाज करने से रोका, गोल्डन आवर में इलाज मिलता तो बच जाती महिमन की जान
पिथौरागढ़ के बिण में सड़क हादसे में घायल सैनिक महिमन सिंह की बुधवार रात लखनऊ अस्पताल में मौत हो गई। बाइक सवार धीरज भट्ट की पहले ही मौत हो चुकी थी। परिजनों ने गोल्डन आवर में इलाज न मिलने का आरोप लगाया है।
विस्तार
पिथौरागढ़ जिले के बिण में रविवार रात हुए सड़क हादसे में घायल दो जवानों में से एक सितारगंज निवासी सैनिक महिमन सिंह की बुधवार रात लखनऊ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार धीरज भट्ट की पहले ही मौत हो चुकी थी। महिमन की मौत के बाद हादसे वाले दिन अस्पताल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ युवक डॉक्टरों को दोनों सैनिकों का उपचार करने से रोकते दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि गोल्डन आवर में उपचार मिल जाता तो शायद महिमन की जान बच जाती।
रविवार को दो बाइकों की भिड़ंत के बाद घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां स्थानीय निवासी धीरज को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि अपने साथी धीरज की मौत की खबर सुनकर अस्पताल पहुंचे युवकों ने घायल सैनिकों के उपचार में बाधा डाली। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से अभद्रता की गई। घायल सैनिक का उपचार शुरू करने से डॉक्टरों को रोका गया जबकि गंभीर रूप से घायल महिमन सिंह का स्ट्रेचर इमरजेंसी कक्ष के बाहर ही रोक दिया गया। वायरल वीडियो में हंगामे के दौरान दोनों घायल सैनिक काफी देर तक उपचार के इंतजार में तड़पते दिखाई दे रहे हैं। महिमन के परिजनों ने अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि उपचार में बाधा डाल रहे युवकों को रोकने की कोशिश क्यों नहीं की गई।
इमरजेंसी में घायलों का उपचार करने वाले डॉ. अब्दुल माजिद ने सेना को दिए लिखित बयान में आरोप लगाया कि युवकों की भीड़ ने सैनिक राजेश रावत का इलाज शुरू करने से उन्हें रोका। दूसरे घायल सैनिक महिमन सिंह का स्ट्रेचर भी इमरजेंसी कक्ष के बाहर रोक दिया गया। डॉक्टर के अनुसार, स्वास्थ्य कर्मियों को धमकी भी दी गई। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है और अभद्रता के साक्ष्य सामने आए हैं। संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।
जिला अस्पताल में हुए हंगामे की जांच की जा रही है। अभद्रता के कुछ साक्ष्य मिले हैं। संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मामले में दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर मिली है। ऐसे हादसों में आक्रोश भी सामने आता है। विवाद और आक्रोश को शांत करना पुलिस की प्राथमिकता रहती है। -गोविंद बल्लभ जोशी, सीओ, पिथौरागढ़
पुलिस की मौजूदगी में हुआ हंगामा
वायरल वीडियो में पुलिस की मौजूदगी में एक युवक घायल फौजियों को एंबुलेंस से उतारते समय अभद्र भाषा का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। एक युवक अपने साथी के इलाज के लिए 10 डॉक्टरों की टीम की मांग करता सुनाई दे रहा है। वहीं, एक अन्य युवक वीडियो बनाते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता दिखाई देता है।
चार दिसंबर को होनी थी शादी
हादसे में जान गंवाने वाले सेना के जवान महिमन के रिश्तेदार पवन बोरा ने बताया कि चार दिसंबर को उनके भाई की शादी बिंदुखत्ता की युवती से तय हुई थी। शादी से पहले वह अपने दोस्त के साथ पिथौरागढ़ गए थे। वहां से लौटते समय हादसा हो गया। बता दें कि हादसे के बाद दोनों फौजियों की गंभीर हालत को देखते हुए सेना उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर लखनऊ ले गई थी। वहां उपचार के दौरान बुधवार देर रात ऊधमसिंह नगर जिले के नलई, सितारगंज निवासी महिमन सिंह पुत्र रमेश चुफाल ने दम तोड़ दिया।