Pithoragarh: चुनाव को लेकर भारत-नेपाल के अफसरों की बैठक, 72 घंटे पहले सील होंगी अंतरराष्ट्रीय सीमाएं
पिथौरागढ़ विकास भवन सभागार में भारत-नेपाल समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें दोनों देशों के बीच लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने और सूचनाओं का आदन-प्रदान करने को लेकर सहमति बनी।
विस्तार
पिथौरागढ़ विकास भवन सभागार में भारत-नेपाल समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें दोनों देशों के बीच लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने और सूचनाओं का आदन-प्रदान करने को लेकर सहमति बनी। नेपाल के अधिकारियों ने पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
मंगलवार को विकास भवन सभागार में हुई भारत-नेपाल समन्वय समिति की बैठक डीएम रीना जोशी और जिल्ला अधिकारी दार्चूला (नेपाल) किरण जोशी की अध्यक्षता में हुई। इसमें लोकसभा चुनाव के मतदान से 72 घंटे पूर्व अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील करने को लेकर सहमति बनी। इस दौरान भारतीय मतदाता पहचानपत्र रखने वाले नेपाली नागरिक, नशीली दवाओं के प्रतिबंध, तस्करी, मानव तस्करी और जघन्य अपराधों के मामले, स्थानीय कानून और व्यवस्था के मुद्दे आदि के संबंध में सहयोगी एजेंसियों के बीच समन्वय बनाने को लेकर चर्चा की गई।
लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए नेपाल के प्रमुख जिल्ला अधिकारी ने कहा कि भारत में होने वाले लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता में नेपाल की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। इसके लिए उच्च अधिकारियों के मध्य सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे।
इसके अलावा काली नदी किनारे धारचूला में भू- कटाव की समस्या के निराकरण और रिवर राफ्टिंग, सुरक्षा, चुनाव के दौरान विशेष सामाजिक कार्यक्रम के दौरान विशेष अनुमति, दोनों देशों के सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध आवागमन, काली नदी पर तटबंध सुरक्षा निर्माण के लिए सड़क निर्माण कार्य के दौरान विस्फोटक पदार्थ का प्रयोग रोकने, ट्यूब से शराब की अवैध सप्लाई पर रोक सहित कई अन्य बिंदुओं पर दोनों देशों के अधिकारियों के बीच सहमति बनी। इसके अलावा सीमा क्षेत्र में वनों के अवैध कटान के संबंध में कार्रवाई करने और सघन चेकिंग अभियान बढ़ाने को लेकर भी सहमति बनी।
स्मृति चिह्न भेंट कर किया स्वागत
डीएम रीना जोशी ने नेपाल की प्रमुख जिल्लधिकारी दार्चूला किरण जोशी, प्रमुख जिल्ला अधिकारी बैतड़ी भीमकांत शर्मा और अन्य अधिकारियों का स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। इसके लिए जिल्ला अधिकारी नेपाल ने आभार जताया। इस दौरान चंपावत के डीएम विनीत पांडे और एसपी अजय गणपति का भी स्वागत किया गया।
तस्करी रोकने के लिए संयुक्त निरीक्षण करेंगे
सिंचाई विभाग भारत की ओर से बनबसा डैम में एकत्र आईबीएम को नदी से निकाले जाने की बात रखी गई ताकि डैम सुरक्षित रहे और भारत में मानव बस्ती को भी नुकसान ना हो। इस संबंध में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त निरीक्षण करने को लेकर सहमति बनी।
नागरिकता दिलाने में करें सहयोग
डीएम रीना जोशी ने नेपाल के अधिकारियों से कहा कि जिन बेटियों की शादी भारत में होती है और उनके पहचानपत्र नहीं बन पा रहे हैं, इसके लिए नेपाल के अधिकारी सहयोग करें ताकि उनके पास एक ही देश की नागरिकता हो। इस संबंध में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच उच्च अधिकारियों से वार्ता करने को लेकर सहमति बनी। नेपाल सरकार के अधिकारियों ने कहा कि जिन महत्वपूर्ण बिंदु पर चर्चा की गई है उन पर पूरा सहयोग किया जाएगा।
ये भारतीय अधिकारी रहे मौजूद
डीएम चंपावत नवनीत पांडे, एसपी पिथौरागढ़ रेखा यादव, एसपी चंपावत अजय गणपति, डीएफओ आशीष सिंह, एडीएम डॉ. शिव कुमार बरनवाल, एसडीएम आशीष कुमार मिश्रा, श्रेष्ठ गुनसोला, मनजीत सिंह, कमांडेंट 55 वीं वाहिनी एसएसबी, कमांडेंट 11वीं वाहिनी एसएसबी डीडीहाट मधुकर अमिताभ, कमांडेंट पांचवीं वाहिनी एसएसबी चंपावत राजेश भोला दत्त पांडे, अधीक्षण अभियंता लोनिवि एबी कांडपाल, अधीक्षण अभियंता सिंचाई पिथौरागढ़ विकास श्रीवास्तव मौजूद रहे।
नेपाल के ये अधिकारी रहे मौजूद
प्रमुख जिल्ला अधिकारी बैतड़ी भीमकांत शर्मा, सहस्त्र प्रहरी उपरीक्षक दार्चूला हर्क राज पंत, प्रहरी उपरीक्षक नायब दार्चूला शिव बहादुर, प्रहरी नायब उपरीक्षक बैतड़ी दीपक गिरी, प्रहरी नायब उपनिरीक्षक दार्चूला पंकज पंत, सशस्त्र प्रहरी नायब उपरीक्षक कृष्ण सिंह पुजारा, प्रमुख अनुसंंधान अधिकृत राष्ट्रीय अनुसंधान देवेंद्र कुमार थापा आदि अधिकारी मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव: पीठासीन अधिकारियों को दिया गया प्रथम प्रशिक्षण
लोकसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को दूसरे दिन भी मास्टर ट्रेनरों की ओर से सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट और पीठासीन अधिकारियों को ईवीएम का प्रथम प्रशिक्षण दिया गया। जीजीआईसी सभागार में नोडल कार्मिक सीडीओ संजय कुमार सिंह ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी कार्मिक सौंपे गए कार्यों, दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मतदान से पूर्व मॉक पोल अनिवार्य रूप से कराएं और तय समय से मतदान प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घंटे में मतदान सूचना कंट्रोल रूम को देना सुनिश्चित करेंगें। प्रशिक्षण में सैद्धांतिक और ईवीएम व्यावहारिक प्रशिक्षण में 300 में 290 कार्मिक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, मास्टर ट्रेनर डॉ. एमपी जोशी, जीवन कालोनी, पीसी उपाध्याय, नीरज पांडेय सहित निर्वाचन में लगे पीठासीन अधिकारी, नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
चुनाव- विधानसभा के चेक पोस्टों पर रहेगी पैनी नजर
लोकसभा चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन चंपावत ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में 20 एफएसटी, एसएसटी और वीएसटी टीम बनाई गई हैं। पुलिस, आबकारी और वन विभाग के चेकपोस्टों पर लगातार वाहनों चेकिंग की जाएगी।
लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष कराए जाने के उद्देश्य से लोहाघाट और चंपावत विधानसभा में तीन-तीन फ्लाइंग स्काउट और सर्विलांस (एफएसटी) टीमें बनाई गई हैं जो लगातार निगरानी करेंगी। स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) की दोनों विधानसभा में 10 और चार वीडियाे सर्विलांस टीम (वीएसटी) टीमें बनाई गई हैं। चंपावत विधानसभा में पांच, लोहाघाट में तीन पुलिस चेकपोस्ट बनाए गए हैं जहां पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। चंपावत में आबकारी की एक चेकपोस्ट बनाई गई है जबकि वन विभाग की कुल आठ चेकपोस्ट हैं। इनमें चंपावत में सात और लोहाघाट विधानसभा में एक चेकपोस्ट है।