{"_id":"59a1acb44f1c1b840b8b467d","slug":"people-do-not-get-cooked-girts-again","type":"story","status":"publish","title_hn":"रसोईगैस न मिलने से परेशान लोगों ने फिर जाम लगाया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रसोईगैस न मिलने से परेशान लोगों ने फिर जाम लगाया
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
Updated Sat, 26 Aug 2017 10:45 PM IST
विज्ञापन
पिथौरागढ़-झूलाघाट मार्ग पर जाम लगाते रसोईगैस उपभोक्ता
- फोटो : अमर उजाला
रसोईगैस न मिलने से परेशान पवन विहार कालोनी, जाखनी क्षेत्र के लोगों ने शनिवार को फिर से पिथौरागढ़-झूलाघाट मार्ग पर दो घंटे तक जाम लगा दिया। दो दिन पूर्व भी लोगों ने इसी तरह जाम लगाया था, तब लोगों को आश्वासन मिला था कि दो दिन में इलाके में रसोईगैस की सप्लाई कर दी जाएगी। शनिवार को भी लोग रसोईगैस सिलेंडर पाने के लिए लाइन में खड़े रहे, लेकिन सिलेंडर का वाहन न पहुंचने से आक्रोशित लोगों ने सुबह 11 बजे से जाम लगा दिया।
विज्ञापन
लोगों का कहना है कि शहर के अन्य हिस्सों में तो रसोईगैस का वितरण हो रहा है, लेकिन पवन विहार और जाखनी क्षेत्र को वंचित कर दिया गया है। कहा कि नगर में संकट की स्थिति असमान वितरण के कारण पैदा हो रही है। कई घरों में दस दिन पहले ही सिलेंडर समाप्त हो गए हैं। इस समय कहीं से भी सिलेंडर की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। अधिकांश लोगों ने खाना बनाने के लिए स्टोव जलाना शुरू कर दिया है। शनिवार को काफी देर तक जाम लगने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में लोगों ने यात्रियों की समस्या को देखते हुए खुद ही जाम हटा दिया। गैस एजेंसी ने दस दिन पहले बुकिंग वालों को ही सिलेंडर देना शुरू किया है, लेकिन यहां के लोगों को दस दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
विज्ञापन
इधर, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार बर्मन का कहना है कि रसोईगैस का संकट प्लांट से कम सिलेंडर आने के कारण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में करीब आठ हजार का बैकलॉग हो चुका है। उम्मीद है कि सितंबर प्रथम सप्ताह से सप्लाई सामान्य हो जाएगी।
विज्ञापन