{"_id":"5a354f364f1c1bd0408bd274","slug":"people-are-upset-over-the-perennial-road","type":"story","status":"publish","title_hn":"बारहमासी सड़क पर लग रहे जाम से लोग परेशान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बारहमासी सड़क पर लग रहे जाम से लोग परेशान
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
Updated Sat, 16 Dec 2017 10:22 PM IST
विज्ञापन
बारहमासी सड़क पर घाट के पास ऐसी हो गई हालत
- फोटो : अमर उजाला
घाट से गुरना के बीच इन दिनों चल रहे बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान रोज लग रहे जाम से यात्री और वाहन चालक खासे परेशान हैं। शनिवार को फिर से वाहनों के पहिए दो घंटे तक थमे रहे। मीना बाजार, मटेला बैंड, कंतगांव में इन दिनों तेजी से सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इस कारण सुबह से ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा गिरने लग जाता है। इस कारण सड़क पर पड़े मलबे और पत्थरों पर वाहन चलाने में खासी परेशानी हो रही है। धूल से भी लोग परेशान हैं। अभी लोगों को लंबे समय तक इस सड़क पर परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
विज्ञापन
बारहमासी सड़क के निर्माण का काम इन दिनों तेजी से चल रहा है। सड़क को बारहमासी सड़क के मानक के अनुसार चौड़ा किया जाना है। टनकपुर से पिथौरागढ़ तक 150 किलोमीटर लंबी सड़क का पिथौरागढ़ जिले में मात्र 30 किलोमीटर हिस्सा आता है। घाट से गुरना तक पहले चरण में और गुरना से पिथौरागढ़ तक दूसरे चरण में सड़क का निर्माण होगा। घाट से गुरना तक ज्यादातर हिस्से में सड़क वन भूमि और सिविल भूमि में बन रही है। गुरना से आगे जब काम शुरू होगा तो लोगों की नाप जमीन भी सड़क चौड़ीकरण के दौरान चपेट में आएगी।
विज्ञापन
शनिवार को कम से कम चार स्थानों पर मलबा गिरने से यातायात बाधित हो गया। सुबह से लेकर शाम तक किसी भी समय सड़क पर मलबा गिर रहा है और यातायात बाधित हो रहा है। सड़क पर गिरे मलबे को हटाने के लिए ठेकेदारों ने कई जेसीबी तैनात कर रखी हैं, लेकिन मलबा गिरने के बाद उसे साफ करने में काफी समय लग रहा है। क्षेत्र के लोग इस तरह की अव्यवस्था से खासे परेशान हैं। पिथौरागढ़ से टनकपुर, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, गंगोलीहाट जाने के लिए अन्य कोई वैकल्पिक मार्ग न होने से यात्रियों को इसी रास्ते से सफर करना पड़ता है। फिलहाल लोगों को रोज लगने वाले जाम से मुक्ति मिलने वाली नहीं है।
विज्ञापन
रात में आठ बजे से होगा सड़क कटिंग का काम
डीएम सी रविशंकर ने एनएच के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बारहमासी सड़क की कटिंग का काम रात आठ बजे से सुबह पांच बजे तक किया जाए। इस अवधि में यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। सिर्फ रोगी वाहनों के संचालन की छूट रहेगी। डीएम ने कहा कि सुबह पांच से 11 बजे तक यातायात में किसी प्रकार की बाधा नहीं होगी। सुबह 11 से अपरान्ह दो बजे तक सड़क की कटिंग का काम होगा, लेकिन मलबा मुख्य सड़क पर नहीं फेंका जाएगा। सड़क निर्माण और यातायात जारी रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।