Pithoragarh News: मेडिकल कॉलेज को दे दिया आंवलाघाट योजना का पानी, नगर के लोग प्यासे; विधायक ने उठाए सवाल
नगर के लोगों की प्यास बुझाने वाली आंवलाघाट योजना का पानी मेडिकल कॉलेज को दे दिया गया है और लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। विधायक मयूख महर ने इस कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए डीएम से मामले का संज्ञान लेने को कहा है।
विस्तार
पिथौरागढ़ नगर के लोगों की प्यास बुझाने वाली आंवलाघाट योजना का पानी मेडिकल कॉलेज को दे दिया गया है और लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। विधायक मयूख महर ने इस कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए डीएम से मामले का संज्ञान लेने को कहा है। उन्होंने कहा कि नगर के कई हिस्सों में लोगों को पीने का पानी नसीब नहीं हो रहा है और नियमों के खिलाफ योजना का पानी निर्माण कार्यों के लिए दिया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को विधायक मयूख महर कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि नगर के लोगों की प्यास बुझाने के लिए आंवलाघाट पंपिंग योजना का निर्माण किया गया है। चंडाक मोस्टमानू में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज को योजना का पानी दे दिया गया है इससे नगर में जलापूर्ति बाधित हो रही है। सिलेमालाइन, ऐंचोली सहित नगर के विभिन्न हिस्सों में लोगों को तीसरे-चौथे दिन पानी मिल रहा है और वे प्राकृतिक जल स्रोतों की दौड़ लगा रहे हैं। जनता के लिए बनी योजना का पानी निर्माण कार्यों के लिए देना गलत है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता की अनदेखी कर भविष्य में भी योजना से मेडिकल कॉलेज को जलापूर्ति हुई तो वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने डीएम से मामले का संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई करने को कहा।
ये पढ़ें- Pithoragarh: खोतिला, व्यास नगर के लोगों ने मांगा जमीन और मकान का मालिकाना हक, डीएम से लगाई मदद की गुहार
ऑलवेदर सड़क की बदहाली पर उठाए सवाल
विधायक मयूख महर ने कहा कि करोड़ों से बनी ऑलवेदर सड़क का आए दिन बंद होना सरकार की नाकामी है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क बंद होने से फल, सब्जी सहित निर्माण सामग्री की आपूर्ति लड़खड़ा गई है। सभी सामान महंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व में अस्कोट-टनकपुर पैदल मार्ग रहे चल्थी से द्यूरी तक सड़क निर्माण किया जाए तो भविष्य में इस समस्या का स्थाई हल निकल सकता है। उन्होंने डीएम से इस सुझाव को सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया।
रामेश्वर में पुल की घोषणा हवाई
विधायक महर ने कहा कि पिथौरागढ़-मेलडुंगरी-रावलगांव-रामेश्वर सड़क का निर्माण किया गया है। रामेश्वर के पास मोटर पुल न बनने से इस सड़क का कोई औचित्य नहीं है। कहा कि सीएम ने ढाई साल पूर्व यहां मोटर पुल की घोषणा की थी जो हवाई साबित हुई है। कहा यदि मोटर पुल बनता तो इससे सीमांत की जनता को खासा लाभ मिलता। कहा सरकार सीमांत के लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.