पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में मॉनिटरिंग कमेटी के नेतृत्व में जिला प्रशासन, न्याय विभाग, पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कोरोना को लेकर जन जागरूकता रैली निकाली। लोगों से मास्क पहनने के साथ ही सामाजिक दूरी बनाए रखनी की अपील की गई।
शनिवार को मॉनिटरिंग कमेटी के नेतृत्व में नगर में जन जागरूकता रैली निकाली। रैली नगर पालिका चौराहा, सिमलगैर होते हुए केएमओयू स्टेशन पर संपन्न हुई। इस दौरान नगर के व्यापारियों, लोगों को कोरोना संक्रमण के बचाव को जागरूक करते हुए आवश्यक जानकारी दी गई। रैली के दौरान जिन व्यक्तियों ने मास्क नहीं पहने थे, उन्हें निशुल्क मास्क दिए गए। एडीएम आरडी पालीवाल ने कहा कि इस कोरोना महामारी से हम सभी मिलकर लड़कर जीत सकते हैं। इसके लिए सावधानी बरतनी जरूरी है। इस दौरान सभी व्यापारियों से यह भी अपील की कि वह अपने प्रतिष्ठान में अधिक भीड़ न करें और न ही दुकान के बाहर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण करें। ताकि जनता दूरी बनाकर चले। रैली में मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्य सिविल जज सीनियर डिविजन/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मनोज कुमार द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक विमल आचार्य, अध्यक्ष जिला बार संघ मोहन चंद्र भट्ट, एसडीएम तुषार सैनी, पीएमएस केसी भट्ट, प्रभारी थाना कोतवाली तनवीर समेत कई शामिल रहे।