पिथौरागढ़। विधायक चंद्रा प्रकाश पंत ने पिथौरागढ़ विधान सभा क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से भेंट की। इस दौरान उन्होंने पिथौरागढ़ विधानसभा की विभिन्न समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। विधायक ने मुख्यमंत्री को विधानसभा क्षेत्र की पेयजल किल्लत की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने पेयजल की समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया।
विधायक ने सीएम से पिथौरागढ़ के विभिन्न संपर्क मार्गों को जोड़ने, क्षेत्र के मार्गों के सुधारीकरण, डामरीकरण और नई सड़कों के निर्माण को लेकर बजट अवमुक्त करने का अनुरोध किया। इस पर सीएम ने इसके लिए शीघ्र बजट आवंटित करने का आश्वासन दिया। विधायक ने पिथौरागढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर थरकोट झील का निर्माण, ट्यूलिप गार्डन, नियमित हवाई यात्रा के संबंध में भी सीएम से बातचीत की। इस पर सीएम ने कहा कि इस बारे में संबंधित अधिकारियों शीघ्र हवाई सेवा शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। विधायक चंद्रा पंत ने बताया कि उन्होंने सीएम को शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्थाओं से संबंधित समस्याएं भी बताईं। सीएम ने सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने का आश्वासन दिया है। विधायक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट मंत्रियों के साथ ही संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों से भी मुलाकात की जाएगी।