{"_id":"5846e5514f1c1be359448a67","slug":"many-villages-are-still-inaccessible-by-road","type":"story","status":"publish","title_hn":"कई गांवों में आज भी सड़क नहीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कई गांवों में आज भी सड़क नहीं
केबी पाल/अमर उजाला, अस्कोट
Updated Tue, 06 Dec 2016 09:50 PM IST
विज्ञापन
अस्कोट का कूटा सिरतोली गांव जहां के लिए सड़क अभी सपना है
- फोटो : अमर उजाला
हिमालय की तलहटी पर घनधूरा के जंगल से सटे कूटा, जमतड़ी, बाजार, सिरतोली, द्याकोट के लोग आज भी सड़क के इंतजार में हैं। आजादी के 70 साल बाद भी लोगों को कई किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है। सड़क नहीं होने से इन गांवों पर पलायन की मार पड़ रही है।
विज्ञापन
कूटा के लोगों को सड़क तक आने के लिए 12 किमी, जमतड़ी के लोगों को 7 किमी, बाजार के लोगों को 8 किमी, सिरतोली के लोगों को 13 किमी और द्याकोट के लोगों को 3 किमी का सफर पैदल तय करना पड़ता है। सड़क नहीं होने से इन गांवों के लोग परेशान हैं। बीमार लोगों को सड़क तक पहुंचाने में लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गांवों से लगातार पलायन बढ़ रहा है। लोग अस्कोट के साथ ही अन्य स्थानों पर बस रहे हैं।
विज्ञापन
कूटा निवासी रिटायर्ड सूबेदार शेर सिंह अधिकारी अस्कोट आकर बस गए हैं। उनका कहना है कि सरकार और जनप्रतिनिधि विकास की लंबी-चौड़ी बातें तो करते हैं, लेकिन एक अदद सड़क तक लोगों को उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। सिरतोली निवासी कुंदन भाट भी गांव छोड़कर परिवार के साथ अस्कोट में बस गए हैं। उनका कहना है कि गांव से आधे से अधिक लोग जा चुके हैं। सरकार सड़क उपलब्ध करा दे तो वह लोग फिर अपने पुरुखों की माटी से जुड़ने को तैयार हैं।
विज्ञापन
वनराजियों की भी सरकार, जनप्रतिनिधियों को फिक्र नहीं
ग्राम पंचायत जमतड़ी के कंतोली गांव में विलुप्ति के कगार पर पहुंची आदम जनजाति वनराजियों के 22 परिवार रहते हैं। वनराजियों के उत्थान के लिए कई योजनाएं संचालित करने की बातें की जाती हैं, लेकिन सरकार और जनप्रतिनिधि वनराजियों के उत्थान के लिए भी सजग नहीं हैं। जमतड़ी के प्रधान गोविंद भंडारी कहते हैं कि सड़क बनाने की मांग सरकार और जनप्रतिनिधियों के सामने रखते आ रहे हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
10 किमी सड़क है स्वीकृत
लोनिवि अस्कोट डिवीजन के अधिशासी अभियंता एबी कांडपाल कहते हैं कि अस्कोट से कूटा, जमतड़ी के लिए 10 किमी सड़क स्वीकृत है। सर्वे हो चुका है, डीपीआर शासन को भेजी गई है। धन मिलते ही सड़क का काम शुरू किया जाएगा।