पहाड़ की पीड़ा: घायल महिला को 12 किमी पीठ में लादकर सड़क तक पहुंचाया, फिर वाहन से अस्पताल भेजा; ग्रामीण परेशान
बुधवार को जुम्मा की नाग तोक निवासी राधा देवी (38) पत्नी प्रेम सिंह घास काटते समय अचानक गिरने से चोटिल हो गईं। ग्रामीणों ने महिला को पीठ पर लादकर इलाज के लिए 12 किमी दूर सड़क तक पहुंचाना पड़ा।
विस्तार
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के चलते ग्राम पंचायत जुम्मा के कई तोकों में सड़क, बिजली, पानी की व्यवस्था ध्वस्त हो गई। इससे पांच हजार की आबादी को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को एक घायल महिला को पीठ पर लादकर इलाज के लिए 12 किमी दूर सड़क तक पहुंचाना पड़ा।
बुधवार को जुम्मा की नाग तोक निवासी राधा देवी (38) पत्नी प्रेम सिंह घास काटते समय अचानक गिरने से चोटिल हो गईं। घायल महिला को उनके पति, पुत्र विक्रम सिंह, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष पवन सिंह धामी ने करीब 12 किमी पीठ पर लादकर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया। उसके बाद वाहन से सीएचसी धारचूला पहुंचाया गया जहां घायल का इलाज किया जा रहा है।
ये पढ़ें- Road Accident: सड़क हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत...एक गंभीर, ड्यूटी करने जा रहे थे दोनों; घर में कोहराम
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष पवन सिंह धामी ने बताया कि पीएमजीएसवाई की एलागाड़ से जुम्मा को जोड़ने वाली सड़क हिलवेज कंपनी के चौड़ीकरण कार्य के बाद लगभग 100 मीटर टूट गई। साथ ही दो-तीन जगह सड़क बंद होने के कारण बीमार, बुजुर्ग पैदल चलने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर के सर्विसिंग के लिए देहरादून जाने से हेली सुविधा भी नहीं मिल रही है। उन्होंने प्रशासन से ग्रामीणों की समस्या का समाधान किए जाने की मांग की है।
पांच किमी तक पीठ पर लादकर पहुंचाया ट्रांसफार्मर
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष पवन धामी ने बताया कि रौड़ा तोक में पिछले एक महीने से ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली नहीं है। बुधवार को ग्रामीणों ने पांच किमी पैदल चलकर ट्रांसफार्मर पीठ पर लादकर गांव में पहुंचाया। ट्रांसफार्मर पहुंचने के बाद दो दिन में बिजली आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद जताई जा रही है।