गर्वाधार में पुलिस की बेरिकेडिंग लगेगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैलास मानसरोवर यात्रा की अंतिम तैयारी बैठक में तय हुआ कि यात्रियों को निर्धारित रास्तों को नहीं छोड़ने दिया जाएगा। हर यात्री निर्धारित शेड्यूल के अनुसार पड़ावों पर रुकेंगे। बैठक में यह बात सामने आई कि अक्सर वापसी के समय जल्दी आने की कोशिश में कुछ यात्री अपने ग्रुप से अलग हो जाते हैं और शार्टकट रास्ते से निकलते हैं। ऐसे में घटना होने का खतरा रहता है। बैठक में मौजूद एसपी रोशन लाल शर्मा ने कहा कि यात्रा मार्ग पर गर्वाधार में बेरिकेडिंग लगाई जाएगी, ताकि कोई वाहन या यात्री आगे खतरनाक सड़क पर न जा सके।
बैठक में मौजूद अपर जिलाधिकारी मोहम्मद नासिर ने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि अब तैयारी में जो भी कमियां रह गई हैं, उनको दो दिन के भीतर पूरा कर लिया जाए। सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस बार लखनपुर तक सड़क तैयार हो जाएगी। धारचूला से लखनपुर तक यात्रियों को वाहन से ले जाया जाएगा। एसपी ने बताया कि पुलिस कर्मी यात्रा मार्ग के लिए रवाना कर दिए गए हैं। उनको मुख्य पड़ावों पर तैनात किया जाएगा। पोनी और पोर्टर्स के चरित्र सत्यापन के लिए उन्होंने कहा कि सभी की बारीकी से जांच की गई है, यदि किसी ने कोई तथ्य छिपाया होगा तो उसके लिए खुद जिम्मेदार रहेगा।
यात्राधिकारी यतीश पंत ने बताया कि इस बार मालपा, सिर्खा, नाभीढांग, कालापानी में अतिरिक्त सुविधाएं जुटाई गई हैं। वहां पर यात्रियों और पोनी, पोर्टर्स को आवास की बेहतर सुविधा मिलेगी। एसडीएम एसके पांडे ने कहा कि सभी विभागों ने यात्रा मार्ग पर सभी सुविधाएं जुटा ली हैं। बैठक में सीमा सड़क संगठन, जल संस्थान, जल निगम, लोनिवि के अधिकारी मौजूद थे। कैलास यात्रियों का प्रथम दल 12 जून को धारचूला पहुंचेगा।