पिथौरागढ़। डीएम रीना जोशी ने धारचूला के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उन्होंने टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) के अधिकारियों को धारचूला के भूस्खलन संभावित क्षेत्र का सर्वे कर सुरक्षात्मक कार्य कराने के लिए एक सप्ताह में डीपीआर बनाने को कहा।
डीएम ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने धारचूला के एसडीएम, सिंचाई विभाग और लोनिवि के अधिकारियों को आपदा प्रभावित क्षेत्र के सर्वे कार्यों में टीएचडीसी के अधिकारियों को सहयोग करने को कहा। लोनिवि के अधिकारियों को टीम गठित कर धारचूला के एनएच की जद में आने वाले भवनों और आपदा प्रभावित भवनों का मूल्यांकन कार्य आठ नवंबर से शुरू करने के निर्देश दिए जिससे एनएच चौड़ीकरण के कार्य को गति मिल सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान, धारचूला एसडीएम दिवेश शाशनी, अनुराग आर्य, लोनिवि के एसई एबी कांडपाल, धारचूला सिंचाई के ईई फरहान खान, बीआरओ के अंकित दत्ता आदि मौजूद थे। संवाद