डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट जिले की मांग को लेकर आंदोलन 41वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर शीघ्र डीडीहाट जिला बनाने की मांग की। आंदोलनकारियों ने कहा कि उन्हें किसी भी कीमत पर जिला चाहिए।
मंगलवार को राज्य स्थापना दिवस पर अशोक मेहता और घनश्याम आंदोलन में बैठे रहे। इस दौरान आंदोलनकारियों ने कहा 60 के दशक से पहले की मांग को आज तक सरकार पूरी नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि डीडीहाट जिला बनने के बाद चीन और नेपाल सीमा पर विकास कार्य तेज होंगे। जिला बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक लवि कफलिया ने कहा कि ये आंदोलन निर्णायक होगा। इस दौरान उद्योग व्यापार मंडल पिथौरागढ़ के अध्यक्ष शमशेर महर ने आंदोलन स्थल पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। वहां हयात सिंह खोलिया, मुकेश पांडेय, एडवोकेट केवलानंद उपाध्याय, दीवान सिंह मेहता, निशांत भंडारी आदि थे।