पिथौरागढ़: जौलजीबी मेले के विवाद पर धारचूला में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, कई नेता रहे शामिल
जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में हुए विवाद को लेकर कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने धारचूला में जुलूस निकालकर तहसील कार्यालय का घेराव किया और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सार्वजनिक माफी की मांग की।
विस्तार
जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में हुए विवाद को लेकर सियासी घमासान जारी है। मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेताओं की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने धारचूला में जुलूस निकालकर तहसील कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पार्टी नेता आनंद रावत और स्थानीय विधायक हरीश धामी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोनिवि गेस्ट हाउस से तहसील कार्यालय तक जुलूस निकाला। प्रदर्शन में बागेश्वर जिलाध्यक्ष भगत डसीला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नेत्र कुंवर, पूर्व चेयरमैन जय दानू, भूपेंद्र थापा, नंदा बिष्ट, प्रेमा कुटियाल, निहारिका गर्ब्याल और विक्रम पारिक सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
विधायक धामी सहित कई नेता पहुंचे नेपाल के डूंगरी मंदिर
तहसील कार्यालय में प्रदर्शन के बाद विधायक हरीश धामी सहित कांग्रेस के कई नेता नेपाल स्थित डूंगरी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए रवाना हुए। जौलजीबी मेले के विवाद को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन और मुख्यमंत्री से माफी की मांग के बाद सीमांत क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
