Deepak Rawat: पंचाचूली बेस कैंप ट्रैक पर फिसलन से आयुक्त खफा, यात्रा मार्ग पर पटाल लगाने के निर्देश
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत चार दिवसीय पिथौरागढ़ जनपद भ्रमण के अंतिम दिन डीएम विनोद गोस्वामी और सीडीओ डॉ. दीपक सैनी के साथ ट्रैकिंग कर पंचाचूली बेस कैंप पहुंचे। दुग्तू गांव से पंचाचूली बेस कैंप ट्रैक पर फिसलन होने से आयुक्त और डीएम ने गहरी नाराजगी जताई।
विस्तार
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत चार दिवसीय पिथौरागढ़ जनपद भ्रमण के अंतिम दिन डीएम विनोद गोस्वामी और सीडीओ डॉ. दीपक सैनी के साथ ट्रैकिंग कर पंचाचूली बेस कैंप पहुंचे। दुग्तू गांव से पंचाचूली बेस कैंप ट्रैक पर फिसलन होने से आयुक्त और डीएम ने गहरी नाराजगी जताते हुए यात्रा मार्ग पर पटाल लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
पंचाचूली बेस कैंप मार्ग पर ट्रैकिंग करते हुए आयुक्त रावत और डीएम गोस्वामी ने क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता को देखते हुए यहां पर्यटन की अपार संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने स्थानीय गाइड से यात्रा मार्ग पर स्थित उच्च हिमालयी वनस्पति, पुष्प एवं विभिन्न प्रकार के वृक्षों की प्रजातियां के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यात्रा मार्ग पर पर्यटकों के साथ किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर रेस्क्यू के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर कूड़ा मिलने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने पर्यावरण के प्रति संवेदनशील मार्ग पर कूड़ा फैलाने वालों का चालान करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने पर्यटकों से मुलाकात कर यात्रा मार्ग के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी लेते हुए सुधार करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बेस कैंप में ट्रैकर के विश्राम को बनाए गए पॉट्स का भी निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को शीघ्र क्षतिग्रस्त पॉट्स की मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी धारचूला मंजीत सिंह, 36 वीं वाहिनी आईटीबीपी लोहाघाट, पोस्ट ढाकर के डिप्टी कमांडेंट संजय भारद्वाज और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सीएम घोषणा के कार्यों में तेजी की मांग
दारमा घाटी होम सटे एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र फिरमाल और दांतू गांव के प्रधान जमन सिंह दताल ने आयुक्त और डीएम से सीएम घोषणा के कार्यों में तेजी लाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि घाटी के गांवों में भालू फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। इसके चलते ग्रामीणों का खेती से मोह भंग हो रहा है। उन्होंने समस्या से निजात दिलाने का अनुरोध किया। अधिकारियों ने आवभगत पर दांतू के ग्रामीण और 36 वीं वाहिनी आईटीबीपी पोस्ट ढाकर का भी आभार जताया।