उच्च शिक्षा, आपदा प्रबंधन एवं सहकारिता राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने राजकीय उप जिला अस्पताल में लगभग 17 लाख की लागत से स्थापित किए गए डिजीटल एक्सरे मशीन का लोकार्पण किया। साथ ही दो हाईटेक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां विधान सभा क्षेत्र में भ्रमण के दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करते हुए योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए।
शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण के दौरान उच्च शिक्षा, आपदा प्रबंधन एवं सहकारिता राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने श्रीकोट गंगानाली (वार्ड 1) में प्राकृतिक जल स्रोत का संरक्षण और शिव मंदिर सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। यहां से वह राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर गए। जहां उन्होंने दो हाईटेक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें एक एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट) और बीएलएस (बेसिक लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस है। तत्पश्चात उन्होंने मेडिकल कॉलेज से बेस अस्पताल कॉरिडोर (लिंक मार्ग) एलईडी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का शुभारंभ किया। मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात मंत्री ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय रेवड़ी में मरम्मतीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इसके पश्चात उन्होंने उत्तराखंड बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्जुन भंडारी और श्रीनगर व्यापार सभा के अध्यक्ष दिनेश असवाल के आवास पर जाकर बधाई दी। कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट, संयुक्त अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. गोविंद पुजारी, डा. लोकेश सलूजा, डा. आनंद राणा, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत, बेस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. केपी सिंह, वित्त नियंत्रक विवेक स्वरुप एवं मानव बिष्ट आदि मौजूद थे।