राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहे कोविड-19 उपचार व प्रबंधन अपडेशन प्रशिक्षण कार्यशाला में शनिवार को हॉउस कीपिंग स्टाफ को प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर प्रशिक्षणार्थियों को मरीजों के बिस्तर बदलने, हाथ धुलने और साफ-सफाई की जानकारी दी गई। कहा गया कि इस समय हल्की सी भी लापरवाही भयावह स्थिति पैदा कर सकती है। इसलिए सभी को गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है।
शनिवार को मेडिकल कॉलेज के हाउस कीपिंग स्टाफ को कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. मुकेश शुक्ला ने प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीज और स्टाफ सतर्कता और सावधानी से संक्रमण से बचाव कर सकते हैं। डॉ. शुक्ला ने कहा कि कर्मचारी अपने घर पर फिनायल या कीटाणुरोधी द्रव से पोंछा लगाए। किसी बाहरी व्यक्ति को बिना मास्क पहने घर के अंदर न घुसने दे। कोविड वार्ड में हाउस कीपिंग स्टाफ को थ्री लेयर मॉस्क और दस्ताने पहनना अनिवार्य है। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने कहा कि सभी मेडिकल, पैरामेडिकल और अन्य स्टाफ की मेहनत और सजगता से कोरोना पर विजय पाई जा सकती है। ब्यूरो