जिले के अगरोड़ा में लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ चार दिवसीय कफोलस्यूं महोत्सव का आगाज हो गया है। महोत्सव के पहले दिन लोक गायक अनिल बिष्ट के गीतों की धूम रही। महिला मंगल दलों व स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं हास्य कलाकार संदीप छिलबट ने दर्शकों को जमकर गुदगुदाया।
सोमवार को अगरोड़ा में युवा उत्थान समिति की ओर से आयोजित कफोलस्यूं महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक सड़क का नाम शहीदों के नाम कर रही है। महिला मंगल दलों को ब्याजमुक्त पांच लाख रुपये की धनराशि कुटीर उद्यम स्थापित करने को दी जा रही है। कार्यक्रम के पहले दिन की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत गायक अनिल बिष्ट ने गणेश वंदना से की। इसके बाद उन्होेंने ऐजा हे भानुमति पाबौ बजारा, चंद्रा छोरी और चैत की चैत्वाली प्रस्तुति दी। महोत्सव में ग्राम पयासू, गाड़ का महरगांव, पल्ली व मल्ली गांव, धारकोट, महरगांव असवालस्यूं की महिला मंगल दलों ने थड़िया-चौंफला गीतों की प्रस्तुतियां पर लोग झूम उठे। अनूप भारती मेमोरियल पब्लिक स्कूल कंडारा व राउमावि विद्यालय अगरोड़ा के बच्चों ने लोकगीत व लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों पर खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम का संचालन शांति प्रसाद डंडरियाल ने किया। इस अवसर पर अति विशिष्टि अतिथि विधायक पौड़ी मुकेश कोली, विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष पौड़ी यशपाल बेनाम, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा संपत सिंह रावत, समिति अध्यक्ष गौरव रावत, देवेंद्र बिष्ट, नागेश नेगी, प्रेम सिंह नेगी, संतोष चंदोला व पवन बिष्ट आदि मौजूद रहे।