कीर्तिनगर। नगर पंचायत क्षेत्र में अब अलकनंदा नदी किनारे कूड़े फेंकने वालों की खैर नहीं है। नगर पंचायत प्रशासन कुछ चिहिृृत स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगा रहा है। साथ ही कई स्थानों पर नदी किनारे जाले लगाने का कार्य भी किया जा रहा है। नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि नदी किनारे खुले स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत क्षेत्र में कई स्थानों पर लोग अलकनंदा किनारे खुले स्थान में कूड़ा फेंक रहे, जिससे बाद में यह कूड़ा नदी में गिर रहा है। नगर पंचायत प्रशासन अब ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त हो गया है। ऐसे स्थानों पर जाली लगाने के साथ ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे कि कोई नदी किनारे कूड़ा न फेंक सके साथ ही नदी किनारे कूड़ा फेंकने का प्रयास करने वाली सीसीटीवी कैमरे में कैद हो सके। नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी देवी जाखी ने बताया कि नए मोटर पुल के समीप नदी किनारे कूड़ा फेंके जाने की सबसे अधिक शिकायत मिल रही थी। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से यहां सड़क किनारे जाली लगाए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अब कोई नदी किनारे कूड़ा नहीं फेंक पाएगा। कैलाशी देवी ने बताया कि जाली वाले स्थान पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, जिससे कि कूड़ा फेंकने वाले लोगों की पहचान हो सके और संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।